नयी दिल्ली , अप्रैल 24 -- स्थानीय कारीगरों, महिलाओं और सूक्ष्म उद्यमियों को उनके हस्तनिर्मित उत्पादों जैसे हस्तशिल्प, कपड़े, आभूषण, सजावटी सामान को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के उदेश्य से केंद्रीय कुटीर उद्योग निगम (सीसीआईसी) ने 'सोल थ्रेड्स' नाम से यहां प्रदर्शनी का आयोजन किया है, जिसका शुभारंभ शुक्रवार को वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने किया।
इस प्रदर्शनी का मुख्य उदेश स्थानीय कलाकारों के सामानों प्रदर्शित करने और बेचने के लिए मंच प्रदान करना है। इसके जरिये सीसीआईसी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने, आत्मनिर्भरता बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है।
यह विशेष प्रदर्शनी 24 अप्रैल से 10 मई तक चलेगी। राष्ट्रीय राजधानी के जनपथ स्थित जवाहर व्यापार भवन में आयोजित प्रदर्शन में एक जिला, एक उत्पाद को शामिल किया गया है। इस प्रदर्शनी में भारत की उत्कृष्ट शिल्प परंपराओं को प्रस्तुत किया गया है, जिसमें विशेष रूप से चयनित साड़ियाँ, विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए परिधान, हस्तशिल्प आभूषण तथा गृह साज-सज्जा उत्पाद शामिल हैं।
'सोल थ्रेड्स' का उद्देश्य प्रमुख डिज़ाइनरों, शिल्पकारों और सांस्कृतिक कलाकारों को एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान करना है, साथ ही भारत की कालजयी वस्त्र परंपराओं और शिल्प कौशल के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति सीसीआईसी की प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करना है।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल, विकास आयुक्त (हथकरघा) डॉ. एम. बीना, विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) अमृत राज, सीसीआईसी के अध्यक्ष अखिलेश कुमार तथा प्रबंध निदेशक कमोडोर राजीव अशोक सहित वस्त्र मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर हेरिटेज डिज़ाइनर कलेक्शन पर आधारित एक फैशन शो का आयोजन किया गया। इस दौरान कलकारों ने देश के विभिन्न क्षेत्रों के परिधानों को प्रदर्शित किया है। कार्यक्रम में लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिन्होंने भारत की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित