जींद , जुलाई 16 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को जींद पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शुक्रवार को प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। श्री मोदी जींद से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के सभी कार्यक्रम पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल होंगे।

श्री सैनी ने सबसे पहले चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय पहुंचकर अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने जींद रेलवे स्टेशन का दौरा कर हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आम जनता और वीआईपी के प्रवेश मार्ग, कार्यकारी लाउंज, कैफेटेरिया, रेलवे ट्रैक और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने एकलव्य स्टेडियम के सामने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मैदान में आयोजित होने वाली 'विकसित भारत-विकसित हरियाणा' रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि रैली में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस दौरान लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक के.एम. पांडुरंग, उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। हांसी के विधायक विनोद भयाना, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रामपाल सैनी, भाजपा नेता जवाहर लाल सैनी और अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष लोहान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित