जयपुर , जून 19 -- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव अतीश कुमार सिंह ने कहा है कि राजस्थान की उपलब्धियां उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है और देश की नवाचार यात्रा के अगले दशक को आकार देने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

श्री सिंह केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के तहत संचालित स्टार्टअप इंडिया ने भारत के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के सहयोग से शुक्रवार को जयपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में यह बता कही।

उन्होंने इस अवसर पर भामाशाह टेक्नो हब का दौरा किया तथा राजस्थान के स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े प्रमुख हितधारकों के साथ संवाद किया। इस दौरान राज्य के उद्यमिता परिदृश्य, उभरते अवसरों और चुनौतियों पर चर्चा की गयी तथा नवाचार, उद्यमिता और सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में राज्य सरकार की पहलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।

श्री सिंह ने पिछले एक दशक में स्टार्टअप इंडिया की परिवर्तनकारी यात्रा पर प्रकाश डाला, पहल के अंतर्गत हासिल की गयी प्रमुख उपलब्धियों को रेखांकित किया तथा केंद्र और राज्य सरकारों के बीच मजबूत सहयोग, नवाचार और उद्यमिता पर आधारित विकास के अगले चरण की रूपरेखा प्रस्तुत की।

उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया पहल के 10 वर्ष और इस सरकार के बारह वर्ष पूरे होने के इस महत्वपूर्ण अवसर पर राजस्थान की उपलब्धियां उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ते हुए, हमारा ध्यान केवल जयपुर जैसे बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन जिलों और समुदायों तक भी पहुंचना चाहिए जो अभी इस इकोसिस्टम का पूर्ण रूप से हिस्सा नहीं बन पाये हैं। तेजस जैसी पहलें इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं और भारत की नवाचार यात्रा के अगले दशक को आकार देने में राजस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित