जोधपुर , अक्टूबर 25 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की हैं।

श्री शेखावत रविवार को यहां हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत की धरती पर रहकर भारत के विरोध में बयान देना कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस तरह के बयान निश्चित रूप से निंदनीय हैं। उल्लेखनीय है कि श्री अ ब्दुल्ला ने अपने हालिया बयान में कहा था कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का मुद्दा उठाकर कश्मीरियों की रक्षा कर रहा है।

उन्होंने राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण संबंधी सवाल पर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पंचायत चुनावों का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार के अब केवल दो दिन शेष हैं। इस दौरान उन्हें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने और मतदाताओं से संवाद करने का अवसर मिला है। इससे पहले भी वह इस चरण और पूर्ववर्ती चरण में भाजपा के पक्ष में प्रचार कर चुके हैं।

श्री शेखावत ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने जो कुछ देखा और समझा है, उसके आधार पर कह सकते हैं कि भाजपा के प्रति लोगों का रुझान दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में भाजपा की विचारधारा से जुड़े सरपंचों को मिली जीत से पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान में मतदाता डबल इंजन की सरकार के साथ मिलकर अपने क्षेत्र में विकास की गति बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा के पक्ष में मतदान करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित