नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- बंगलादेश के विदेश मंत्री डॉ. खालिलुर रहमान तीन दिन की यात्रा पर मंगलवार को यहां पहुंचे ।
डॉ रहमान का यहां विदेश मंत्री डा एस जयशंकर और वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल सहित अन्य अधिकारियों से मिलने का कार्यक्रम है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डाँ खालिलुर रहमान शाम को यहां पहुंचे। वह बुधवार को डाॅ जयशंकर के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर व्यापक बातचीत करेंगे। इसके बाद वह शाम को श्री गोयल के साथ मुलाकात करेंगे। बाद में वह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ भी बैठक करेंगे। अगले दिन गुरुवार सुबह वह मॉरीशस के लिए प्रस्थान कर जायेंगे।
अपूष्ट सूत्रों के अनुसार उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी मिलने की संभावना है।
उनकी यात्रा को बंगलादेश में नयी सरकार के गठन के बाद दोनों देशों के संबंधों को फिर से सामान्य बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। बंगलादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से अपदस्थ किये जाने के बाद से अंतरिम सरकार के कार्यकाल में दोनों देशों के बीच संबंधों में खटास पैदा हो गयी थी। बंगलादेश में चुनाव के बाद नयी सरकार आने के बाद से दोनों देश संबंधों को फिर से पटरी पर लाने के लिए सतर्कता के साथ धीरे धीरे कदम उठा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित