देहरादून , फरवरी 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने एआई इम्पैक्ट समिट को लेकर युवा कांग्रेस की ओर से किये गये प्रदर्शन की तीखी आलोचना की है और कहा है कि देश की जनता कांग्रेस के कृत्य को कभी माफ नहीं करेगी।

श्री भट्ट ने शुक्रवार को कांग्रेस को देश विरोधी पार्टी करार देते हुए कहा कि दिल्ली में कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है , जहां पर विश्व के अनेकों देशों के उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां, राजनायिक अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। उनके आगे नग्नता का परिचय देकर कांग्रेस ने अपनी दृष्टि को प्रदर्शित किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अनेकों बार विदेश की धरती पर जाकर देश का अपमान करते आए हैं, लेकिन आज भारत की भूमि पर जिस प्रकार कांग्रेस ने समिट मे पहुंच कर प्रदर्शन किया, उससे समूची कांग्रेस कटघरे में खड़ी हो गई है।

श्री भट्ट ने कहा कि कांग्रेस देश विरोधी पार्टी रही है,जिसने विश्व के विभिन्न देशों से भारत आए राजनेताओं और उद्यमियों की उपस्थिति मे जिस प्रकार का दृश्य प्रस्तुत किया, उन्हें इस कृत्य के लिए भारत की जनता कभी माफ नहीं करने वाली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित