लखनऊ , अप्रैल 11 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि भारत पश्चिम एशिया संकट सहित किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है और सरकार हर संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम को लेकर औपचारिक बातचीत जरूर हो रही है, लेकिन जमीनी हालात को देखते हुए यह मान लेना उचित नहीं होगा कि पश्चिम एशिया का संकट पूरी तरह समाप्त हो गया है।

स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है, जो लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने आश्वस्त किया कि देश के पास किसी भी संभावित संकट से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सहित आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार है और आपूर्ति श्रृंखला सुचारु रूप से चल रही है।

गोमतीनगर जन कल्याण महासभा के वार्षिकोत्सव में शामिल होकर राजनाथ सिंह ने लक्ष्मण मंडपम सहित 58.27 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के रहते देश में कोई बड़ा संकट उत्पन्न नहीं होने दिया जाएगा। कोविड महामारी जैसे वैश्विक संकट का भारत ने मजबूती से सामना किया था और वर्तमान परिस्थितियों से निपटने की क्षमता भी देश में है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति मजबूत हुई है और विश्व बैंक जैसी संस्थाएं भी मानती हैं कि भारत किसी भी संकट का सफलतापूर्वक सामना कर सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार काम कर रही है ताकि आने वाले महीनों में कोई नई समस्या उत्पन्न न हो। वैश्विक हालात का कुछ सीमित असर हो सकता है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

राजनाथ सिंह ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार पर विश्वास बनाए रखें।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अनेक चुनौतियों और प्रतिकूल परिस्थितियों का सामना करने के बाद सरकार पहले से अधिक मजबूत होकर उभरी है।

अपने संसदीय क्षेत्र के बारे में उन्होंने कहा कि लखनऊ का विकास सुनियोजित ढंग से हो रहा है और गरीबों, व्यापारियों, बुजुर्गों तथा युवाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ रक्षा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। आगरा और कानपुर के साथ लखनऊ को डिफेंस नोड घोषित किया गया है। यहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण शुरू हो चुका है और पहली खेप सेना को सौंप दी गई है। इसके अलावा कई छोटे-बड़े रक्षा उपकरण कारखाने भी स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश माफियाओं का गढ़ कहलाता था, जबकि आज यह संतों और ऋषियों की धरती के रूप में जाना जाता है। कभी उत्तर प्रदेश को बीमार राज्य कहा जाता था, आज इसे उत्कृष्ट राज्य कहा जा रहा है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में मल्टीलेवल पार्किंग और फ्लाईओवर नेटवर्क जैसी विकास परियोजनाओं के लिए राजनाथ सिंह की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित