नयी दिल्ली , सितंबर 13 -- भारत 15 से 18 सितंबर तक गुजरात के गांधीनगर में विश्व सर्कुलर आर्थिक मंच (डब्ल्यूसीईएफ) 2026 की मेजबानी करेगा।

आधिकारिक सूचना के अनुसार दक्षिण एशिया में पहली बार आयोजित इस फोरम का उद्घाटन 15 सितंबर को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल संयुक्त रूप से करेंगे।

विश्व सर्कुलर आर्थिक मंच की बैठक का विषय 'चक्रीय अर्थव्यवस्था : लोगों और समृद्धि के लिए बदलाव' है जिसमें 65 से अधिक देशों के दो हजार से ज्यादा हितधारक भाग लेंगे, जबकि अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में 125 से अधिक प्रदर्शक चक्रीय अर्थव्यवस्था से जुड़े समाधान प्रस्तुत करेंगे।

बैठक में चार मुख्य सत्र और 16 समानांतर विषय- आधारित सत्र होंगे, जिनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोजगार की संभावनाएं, ऊर्जा उत्पादन, वित्त, शासन, टिकाऊ उत्पाद, औद्योगिक समाधान, स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र और युवा नेतृत्व जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित