नयी दिल्ली , मार्च 02 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यहां भारत यात्रा पर आये कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ दोनों देशों के शीर्ष उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि 'आज दोनों देशों के संबंधों का एक नया इतिहास लिखा जा रहा है।'प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और कनाडा व्यापक आर्थिक भागीदारी ( मुक्त व्यापार एवं आर्थिक सहयोग) के करार को जल्दी ही अंतिम रूप देंगे।
श्री मोदी ने श्री कार्नी की यात्रा के दौरान भारत-कनाडा सीईओ फोरम में कहा कि श्री कार्नी की सरकार के सत्तारूढ़ होने के एक साल के अंदर भारत-कनाडा संबंधों में आशातीत उछाल आया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ''आज हम भारत-कनाडा संबंधों में एक नया अध्याय लिखने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्नी का एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ, पर हमारे संबंधों ने एक लाइट ईयर (प्रकाश वर्ष) की छलांग लगाई है।" इससे पहले दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई थी।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में दोनों देशों के बीच "विश्वास बढ़ा है, स्पष्टता आई है, और नया आवेग बना है। और यह उस समय हो रहा है, जब विश्व आर्थिक अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है, वैश्विक आर्थिक आर्थिक व्यवस्था दबाव में है।" प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के संबंधों पर सकारात्मक विचार साझा रखने के लिए प्रधानमंत्री कार्नी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जतायी कि सीईओ फोरम के आज के विचार मंथन से दोनों पक्षों में साझेदारी का नया खाका तैयार होगा।
श्री मोदी ने कनाडा के उद्यमियों को भारत में अवसंरचना, एआई , स्टार्टअप्स , विनिर्माण एवं उन्नत प्रौद्योगिकी , इलेक्ट्रॉनिक्स, एयररोस्पेस, इंजीनियरिंग और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।
श्री मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा दो जीवंत लोकतंत्र और संयुक्त रूप से 6 लाख करोड़ डॉलर से अधिक की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं हैं। दोनों देशों के समाज साझा मूल्यों पर आधारित है। दोनों देशों में लोकतंत्र है, सामाजिक विविधताएं हैं और दोनों विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इससे दोनों को मिल कर सहज भागीदार के रूप में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा, ''आज प्रधानमंत्री कार्नी और मैंने, हमारे साझा विजन को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिए। हम द्विपक्षीय व्यापार को 50 अरब डॉलर के स्तर पर ले जाने के लिए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। हम जल्द से जल्द प्रस्तावित व्याक आर्थिक भागीदारी समझौते को अंतिम रूप देंगे।'' उल्लेखनीय है कि दोनों देशों ने मुक्त व्यापार एवं आर्थिक सहयोग के करार के लिए बातचीत अभी हाल में ही शुरू की है।
उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंधों की इस प्रगति का फायदा उठाने की जिम्मेदारी खास कर व्यवसाय जगत के लोगों पर है। उन्होंने कहा कि सरकारें नियम बना सकती है, नीतिगत दिशा दे सकती है परंतु उस सोच को वास्तविकता में बदलने की शक्ति व्यवसाय जगत के साथियों के पास है।
उन्होंने कनाडा के उद्यमियों को लक्ष्य करते हुए भारत के बड़े बाजार, सबसे तेज वृद्धि दर, युवा आबादी, बढ़े पैमाने के निवेश और डिजिटल टेक्नोलॉजी की शक्ति का उल्लेख करते हुए आर्थिक सुधारों को तेज गति से लागू करने, प्रक्रियाओं को आसान बनाने तथा कर, दिवाला कानून में सुधार जैसे कदमों के जरिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (काराेबार के लिए आसानी ) बढाने के उपायों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और कनाडा साथ खड़े होते हैं दोनों अपनी पूंजी और क्षमता के साथ एक बड़ी आर्थिक शक्ति बन जाते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने स्वच्छ ऊर्जा, परमाणु और यूरेनियम की दीर्घकालिक आपूर्ति का अनुबंध किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ' हमें छोटे मॉड्यूलर परमाणु ऊर्जा संयंत्र, उन्नत रिएक्टरऔर परमाणु विनिर्माण श्रृंखला में मिलकर के आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति की कड़ियों को मजबूत बनाने के लिए कदम उठाए हैं। बैटरीज और एनर्जी स्टोरेज में कनाडा के नवाचार और भारत की उसे बड़े पैमाने पर ले जाने की क्षमता को जोड़कर दोनों देश आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने इस बार के बजट में अवसंरचना क्षेत्र के लिए 130 अरब डॉलर के रिकार्ड आवंटन का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों के लिए 'अवसंरचाना और पूंजी के क्षेत्र में मजबूत भागीदारी हो सकती है।' उन्होंने नेशनल इंफ्रास्ट्रक्चर पाइपलाइन के तहत 1.3 लाख करोड़ डॉलर के निवेश और कनाडा के पेंशन कोषों के भारत में 100 अरब डॉलर के निवेश का जिक्र किया।
श्री मोदी ने कनाडा के उद्यमियों को भारत में तेजी से बढ़ रहे अवसंरचना क्षेत्र, एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) के क्षेत्र में संयुक्त कंप्यूट कॉरिडोर, स्टार्टअप्स , विनिर्माण एवं उन्नत प्रौद्योगिकी , इलेक्ट्रॉनिक्स, एयररोस्पेस , इंजीनियरिंग और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित