नई दिल्ली , अगस्त 05 -- भारत और श्रीलंका ने प्रमुख द्विपक्षीय परियोजनाओं की समीक्षा की है और दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण समझौतों में तेजी लाने पर भी बनी सहमति है।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने मंगलवार को श्रीलंका की यात्रा की जहां उन्होंने राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूरिया, विदेश मंत्री विजिता हेराथ तथा अन्य नेताओं के साथ बैठकें कर भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और विजन महासागर के तहत द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।
दोनों पक्षों ने 45 करोड़ डॉलर के दित्वाह पुनर्निर्माण पैकेज सहित चालू परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, रेलवे, पशुधन और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए 35 करोड़ डॉलर की भारतीय रुपये में नामित ऋण सहायता (लाइन ऑफ क्रेडिट) से संबंधित समझौतों का स्वागत किया तथा अनुदान आधारित आवास और पुल पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की जानकारी दी।
दोनों देशों ने बिजली ग्रिड इंटरकनेक्शन, सम्पूर सौर ऊर्जा परियोजना, त्रिंकोमाली ऊर्जा केंद्र, श्रीलंका यूनिक डिजिटल आइडेंटिटी परियोजना, कंकेसनतुरई बंदरगाह के पुनर्वास तथा 1990 सुवा सेरिया एम्बुलेंस सेवा के विस्तार सहित प्रमुख संपर्क और ऊर्जा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर सहमति व्यक्त की। दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा चेतावनी प्रणाली और रेलवे पुनर्वास से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने भारत-श्रीलंका मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के संबंध में वार्ताओं को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई तथा भारत-श्रीलंका सामाजिक सुरक्षा समझौते पर वार्ता पूरी होने का स्वागत किया। आवश्यक आंतरिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इस समझौते पर जल्द हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित