नयी दिल्ली , सितंबर 13 -- भारत और वियतनाम ने समुद्री और रक्षा संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

रक्षा मंत्रालय ने रविवार को यहां बताया कि रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और वियतनाम के रक्षा उप मंत्री सीनियर लेफ्टिनेंट जनरल गुयेन त्रुओंग थांग ने रविवार को यहां 18 ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर बैठक में संयुक्त पहल, प्रौद्योगिकी साझा करने और रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की।

इससे पहले भारत और वियतनाम के प्रधानमंत्रियों के बीच भी उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक हुई थी। दोनों देशों के बीच चर्चा में रक्षा संबंधों को मजबूत करने, क्षेत्रीय सुरक्षा और द्विपक्षीय उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। दोनों पक्षों ने शांतिपूर्ण, स्थिर और नियम आधारित क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए समुद्री और रक्षा सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

भारत और वियतनाम ने बहुपक्षीय मंचों पर करीबी समन्वय के महत्व पर भी जोर दिया। दोनों देशों ने विशेष रूप से आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक तहत सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने आसियान-नेतृत्व वाले तंत्रों के माध्यम से व्यावहारिक रक्षा सहयोग को बढ़ाने की अपनी संयुक्त प्रतिबद्धता को दोहराया।

उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ कार्य समूह जैसे सहयोगात्मक मंच क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सामूहिक सुरक्षा ढाँचे विकसित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि अगला रक्षा नीति संवाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारत में एयरो इंडिया 2027 के दौरान होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित