नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- भारत और ग्रीस ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को शांति, स्थिरता, स्वतंत्रता और पारस्परिक सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित बताते हुए रक्षा औद्योगिक क्षेत्र में सहयोग को मजबूत बनाने के लिए संयुक्त आशय घाेषणा पर हस्ताक्षर किये हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को यहां ग्रीस के रक्षा मंत्री निकोलाओस-जॉर्जियोस डेंडियास के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक के दौरान इस संयुक्त घोषणा पर हस्ताक्षर किये गये। यह घोषणा दोनों देशों के बीच पांच वर्षीय रोडमैप विकसित करने की दिशा में पहला कदम है।
बैठक के बाद श्री सिंह ने कहा कि भारत और ग्रीस ने द्विपक्षीय रक्षा औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ करने से संबंधित संयुक्त आशय घोषणा पर हस्ताक्षर किए तथा मौजूदा वर्ष के लिए द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का आदान-प्रदान किया। उन्होंने कहा , " आज नई दिल्ली में हेलेनिक गणराज्य के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री निकोलाओस-जॉर्जियोस डेंडियास से भेंट कर अत्यंत प्रसन्नता हुई। भारत और ग्रीस ने द्विपक्षीय रक्षा औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ करने पर संयुक्त आशय घोषणा पर हस्ताक्षर किए तथा वर्ष 2026 के लिए द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का आदान-प्रदान किया। दोनों समुद्री राष्ट्रों के बीच समुद्री सहयोग को और सुदृढ़ करने के लिए गुरुग्राम स्थित इन्फॉर्मेशन फ्यूज़न सेंटर-इंडियन ओशन रीजन में एक ग्रीक अंतरराष्ट्रीय संपर्क अधिकारी की तैनाती की घोषणा का मैं स्वागत करता हूँ। "रक्षा मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि दोनों मंत्रियों ने दोहराया कि भारत-ग्रीस रणनीतिक साझेदारी शांति, स्थिरता, स्वतंत्रता और पारस्परिक सम्मान के साझा मूल्यों पर आधारित है।
दोनों देशों ने भारत की 'आत्मनिर्भर भारत' पहल और ग्रीस के 'एजेंडा 2030' के तहत हो रहे रक्षा सुधारों के बीच साझेदारी के माध्यम से अपने-अपने स्वदेशी रक्षा उद्योगों की क्षमता का विस्तार करने का निर्णय लिया। भारत और ग्रीस के बीच रक्षा औद्योगिक सहयोग को सुदृढ़ करने पर एक संयुक्त आशय घोषणा (जॉइंट डिक्लेरेशन ऑफ इंटेंट) पर हस्ताक्षर किए गए जो एक पाँच वर्षीय रोडमैप विकसित करने की दिशा में प्रारंभिक कदम है।
वक्तव्य में कहा गया है कि रक्षा मंत्रियों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और द्विपक्षीय रक्षा सहयोग तथा रणनीतिक संबंधों के मजबूत होते स्वरूप को स्वीकार किया। इस वर्ष के लिए एक द्विपक्षीय सैन्य सहयोग योजना का भी आदान-प्रदान किया गया, जिसमें दोनों देशों की सशस्त्र सेनाओं के बीच सैन्य सहभागिताओं की रूपरेखा तय की गई है।
दोनों प्राचीन समुद्री राष्ट्रों के बीच विभिन्न प्रमुख समुद्री मुद्दों पर तालमेल को भी रेखांकित किया गया। ग्रीक पक्ष ने गुरुग्राम स्थित इन्फॉर्मेशन फ्यूज़न सेंटर-इंडियन ओशन रीजन में एक ग्रीक अंतरराष्ट्रीय संपर्क अधिकारी की तैनाती की घोषणा की।
बैठक से पहले ग्रीक रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मानेकशॉ सेंटर में तीनों सेनाओं के गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित