नयी दिल्ली , सितम्बर 29 -- भारत और कजाखस्तान के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'काजिंद-2026' मंगलवार को कजाखस्तान के ओस्केमेन में शुरू हुआ।
अभ्यास में दोनों देशों के सैनिकों ने अभियान संबंधी सहयोग और आपसी समझ बढ़ाने के लिए संयुक्त प्रशिक्षण शुरू किया।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कजाखस्तान के सशस्त्र बलों की रीजनल कमांड ईस्ट के प्रमुख मेजर जनरल झेनिस मारालोव ने की। इसमें कजाखस्तान के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और कजाखस्तान में भारत के रक्षा अताशे कर्नल पंकज विद्यार्थी भी शामिल हुए।
सैनिकों को संबोधित करते हुए मेजर जनरल मारालोव और भारतीय दल के कमांडर कर्नल अरुण देव सिंह जामवाल ने अभ्यास के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के साथ संयुक्त प्रशिक्षण चरण की शुरुआत हुई। इसमें दोनों देशों के सैन्यकर्मी संयुक्त सैन्य गतिविधियों और पेशेवर स्तर पर आपसी बातचीत में हिस्सा ले रहे हैं।
यह अभ्यास दोनों देशों के सैनिकों के बीच आपसी मेलजोल बढ़ाने, एक-दूसरे को बेहतर समझने और भारत तथा कजाखस्तान के सशस्त्र बलों के बीच सहयोग मजबूत करने का अवसर भी देता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित