नई दिल्ली , जुलाई 07 -- भारत और इंडोनेशिया ने अपनी समग्र रणनीतिक साझेदारी का स्वर्णिम अध्याय शुरू करते हुए रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, समुद्री सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, अंतरिक्ष, डिजिटल प्रौद्योगिकी, शिक्षा और सांस्कृतिक कूटनीति सहित 14 क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर किए और छह नई पहलों की घोषणा की है।
इंडोनेशिया की यात्रा पर गये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंगलवार को राजधानी जकार्ता में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद इन समझौतों पर हस्ताक्षर किये गये। इन समझौतों से हिन्द प्रशांत क्षेत्र के दो बड़े लोकतंत्रों के बीच बढ़ती रणनीतिक एकजुटता और सुरक्षा, आर्थिक तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करने की की प्रतिबद्धता का पता चलता है।
दोनों देशों के बीच शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए बाह्य अंतरिक्ष की खोज और इस्तेमाल में सहयोग संबंधी रूपरेखा समझौते के विस्तार, केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) और इंडोनेशिया की राष्ट्रीय औषधि एवं खाद्य नियंत्रण एजेंसी (बीपीओएम) के बीच चिकित्सा उत्पादों के विनियमन में सहयोग, तथा खनिज एवं इस्पात आपूर्ति श्रृंखला प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
इसके अलावा कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में सहयोग, समुद्री सुरक्षा एवं संरक्षा सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन और कार्यान्वयन समझौते के विस्तार, भारत के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के बीच सहयोग, दूरसंचार प्रौद्योगिकी एवं सेवाओं, अनुसंधान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार तथा स्वास्थ्य कार्यबल सहयोग से जुड़े समझौतों पर भी हस्ताक्षर हुए।
अन्य समझौतों में भारत के निर्वाचन आयोग और इंडोनेशिया के चुनाव आयोग के बीच समझौता ज्ञापन, ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली पर सहयोग, हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल सहयोग समझौता, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) और पीटी क्राकाटाउ स्टील के बीच इंडोनेशिया में स्टेनलेस स्टील स्लैब विनिर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए रणनीतिक संयुक्त उद्यम, तथा नॉन-फेरस मैटेरियल्स टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट सेंटर (एनएफटीडीसी), मिडवेस्ट लिमिटेड्स और पीटी पर्मिनास के बीच रेयर अर्थ मैग्नेट के विकास संबंधी समझौता ज्ञापन शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित