नयी दिल्ली , जुलाई 09 -- भारत और ऑस्ट्रेलिया ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा अपनाते हुए व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा मुक्त, शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है। संयुक्त घोषणा में दोनों देशों ने 2020 में शुरू हुई व्यापक रणनीतिक साझेदारी की पुष्टि की और कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और लोगों के बीच परस्पर संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए विवादों के समाधान अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप और बल प्रयोग या दबाव के बिना किए जाने पर जोर दिया।

भारत और ऑस्ट्रेलिया ने रक्षा सहयोग को और गहरा करने के लिए रणनीतिक संवाद बढ़ाने, अधिक जटिल संयुक्त सैन्य अभ्यास करने, रक्षा बलों के बीच सूचना साझा करने, सैन्य कर्मियों के आदान-प्रदान, प्रशिक्षण तथा एक-दूसरे के क्षेत्रों से विमान तैनाती का विस्तार करने पर सहमति जताई।

दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत-ऑस्ट्रेलिया समुद्री सुरक्षा सहयोग रोडमैप तैयार करने, रक्षा उद्योग, रक्षा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों और आपूर्ति शृंखलाओं में सहयोग बढ़ाने का भी संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित