नयी दिल्ली , मई 07 -- भारत के निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्सिम बैंक) ने व्यापार लेनदेन को समर्थन देने के लिए अपने ट्रेड असिस्टेंस प्रोग्राम (टीएपी) के तहत मंगोलिया के गोलोम्ट बैंक के साथ एक "इश्यूइंग बैंक एग्रीमेंट" पर हस्ताक्षर किये हैं।

इस समझौते पर 05 मई को उज्बेकिस्तान के समरकंद में भारत एक्सिम बैंक के उप प्रबंध निदेशक तरुण शर्मा और गोलोम्ट बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए. ओडोनबाटर द्वारा एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की वार्षिक बैठकों के दौरान हस्ताक्षरित किये गये।

भारत एक्सिम बैंक अपने वैश्विक कार्यालय नेटवर्क तथा वित्तीय, परामर्श और क्षमता निर्माण संबंधी विविध गतिविधियों के माध्यम से भारत के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और निवेश संबंधों को साझेदार देशों के साथ बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। साथ ही यह भारतीय व्यवसायों के अंतर्राष्ट्रीय विस्तार के प्रयासों में भी योगदान देता है।

समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान श्री शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में भारत एक्सिम बैंक ने टीएपी के अंतर्गत एशिया, अफ्रीका और लातिन अमेरिका सहित कई देशों के साथ अनेक व्यापारिक लेनदेन को समर्थन दिया है। इन लेनदेन में कृषि, ऑटोमोबाइल पुर्जे, पूंजी एवं इंजीनियरिंग वस्तुएं, खाद्य पदार्थ, लोहा एवं इस्पात, वस्त्र आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित