नयी दिल्ली , मार्च 11 -- भारत-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में जनता की व्यापक भागीदारी देखने को मिली, जिसमें लगभग छह लाख लोग प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे और आनलाइन माध्यम से कुल नौ लाख से अधिक दर्शक जुड़े। यह जानकारी इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्य सभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी है।

भारत ने 16 से 21 फ़रवरी तक राजधानी के भारत मंडपम में एआई समिट की मेजबानी की। श्री वैष्णव ने कहा कि पहली बार एआई पर कोई वैश्विक एआई सम्मेलन किसी विकासशील देश में हुआ। यह बदलाव वैश्विक एआई संवाद को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत है।

इस सम्मेलन में 100 से अधिक देशों ने भाग लिया, जिनमें एशिया, यूरोप, अफ्रीका, अमेरिका और ओशिनिया के क्षेत्रों के 22 राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख और लगभग 10 अंतरराष्ट्रीय संगठन शामिल हुए। संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों और बहुपक्षीय विकास बैंकों जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भी इसमें सक्रिय भागीदारी की।

उन्होंने बताया कि यह समिट एक ऐतिहासिक वैश्विक संगम के रूप में समाप्त हुआ, जिसने भारत को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) नवाचार, शासन, साझेदारी और समावेशी विकास के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित