नयी दिल्ली , सितम्बर 24 -- भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि संयुक्त सैन्य 'युद्ध अभ्यास 2026' से भारत और अमेरिका के बीच रक्षा साझेदारी और मजबूत होगी।

भारत और अमेरिका के सैनिकों के बीच उत्तराखंड के ओली और राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में 15 से 28 सितम्बर तक संयुक्त सैन्य अभ्यास हो रहा है।

श्री गोर ने गुरुवार को महाजन रेंज का दौरा किया और दोनों देशों के सैनिकों के बीच अभ्यास को देखा। उन्होंने संयुक्त सैन्य अभ्यास को दोनों देशों की रक्षा साझेदारी और आपसी भरोसे की मजबूती का उदाहरण बताया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा ," महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में अमेरिकी और भारतीय सैनिकों को एक साथ प्रशिक्षण लेते देखना बड़ा अच्छा रहा। यह अभ्यास हमारी रक्षा साझेदारी की मजबूती को दिखाता है जिसमें भरोसा, तैयारी, एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने की क्षमता और साझा उद्देश्य शामिल है। यह गौरव की बात है कि अमेरिकी सैनिक और भारतीय सैनिक मिलकर ये उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

अमेरिकी राजदूत ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी और भारतीय सैनिकों से मुलाकात की और ट्रेनिंग, कौशल तथा सैन्य उपकरणों को काम करते हुए देखा। उन्होंने भारतीय सेना को मेजबानी के लिए धन्यवाद दिया।

इस अभ्यास में दोनों सेनाओं के 600-600 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। अभ्यास का उद्देश्य अत्यधिक ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में युद्धकला, लंबी दूरी की सटीक मारक क्षमता और ड्रोन-रोधी क्षमताओं को मजबूत करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित