नयी दिल्ली , अप्रैल 24 -- भारत और अमेरिका के बीच फरवरी में हुए द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को अंतिम रूप देने के बारे में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच वाशिंगटन में इसी सप्ताह हुई बातचीत को भारत ने 'दूरदर्शी और सार्थक' बताते हुए कहा है कि दोनों पक्ष बातचीत को इसी गति के साथ जारी रखेंगे।
बीटीए पर आधिकारिक बातचीत के लिए भारतीय अधिकारियों की टीम 20 से 23 अप्रैल तक वाशिंगटन की यात्रा पर थी।
वाणिज्य मंत्रालय ने इस बातचीत के बारे में शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में कहा, ' बैठकें रचनात्मक और सकारात्मक माहौल में आयोजित की गईं। इनमें सार्थक और दूरदर्शी चर्चाएं हुईं, जिससे प्रमुख मुद्दों पर प्रगति संभव हुई। दोनों पक्ष ने आगे बढ़ते हुए इस गति को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता जताई।"मंत्रालय के अनुसार दोनों पक्षों ने बैठकों के इस दौर में बाजार पहुंच, व्यापार को प्रभावित करने वाले गैर- प्रशुल्कीय फैसलों, तकनीकी बाधाओं, सीमा शुल्क और व्यापार सुविधा, निवेश प्रोत्साहन, आर्थिक सुरक्षा संयोजन और डिजिटल व्यापार जैसे कई क्षेत्रों पर चर्चा की।
गौरतलब है कि भारत और अमेरिका ने इसी साल सात फरवरी को एक संयुक्त वक्तव्य जारी कर आपसी और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार से संबंधित एक अंतरिम समझौते के ढांचे पर सहमति व्यक्त की थी। इस ढांचे ने व्यापक भारत-अमरीका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) वार्ता के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
इस पर आगे की कार्रवाई के सिलसिले में भारतीय पक्ष ने अंतरिम समझौते के विवरण को अंतिम रूप देने और व्यापक बीटीए के तहत वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के साथ आमने-सामने की बातचीत के लिए वाशिंगटन की यह यात्रा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित