नयी दिल्ली , जून 23 -- दूरसंचार क्षेत्र की कंपनी भारती एयरटेल ने एयरटेल अफ्रीका की करीब 16.3 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है।

उसने यह हिस्सेदारी इंडियन कॉन्टिनेंट इनवेस्टमेंट लिमिटेड (आईसीआईएल) से अदला-बदली सौदे के रूप में वरीयता के आधार पर हासिल की है। यह अधिग्रहण 22 जून को पूरा हुआ। एयरटेल अफ्रीका ब्रिटेन में सूचीबद्ध कंपनी है। इस अधिग्रहण के बाद कंपनी में भारती एयरटेल की हिस्सेदारी बढ़कर 79 प्रतिशत के करीब हो गयी है।

भारती एयरटेल के निदेशक मंडल ने बदले में आईसीआईएल को भारतीय कंपनी के 14,67,61,335 पूरी तरह चुकता इक्विटी शेयर के आवंटन के प्रस्ताव को मंगलवार को मंजूरी प्रदान कर दी। इस आवंटन के बाद भारती एयरटेल में आईसीआईएल की हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 3.25 प्रतिशत पर पहुंच गयी है।

इस अदला-बदली सौदे के बाद एयरटेल अफ्रीका पर भारती एयरटेल की पकड़ और मजबूत हुई है। अब कंपनी के बारे में वह ज्यादा स्वतंत्रतापूर्वक फैसले कर सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित