पटना , जून 07 -- हॉकी एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष तथा बिहार सरकार के ग्रामीण विकास, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने अंडर-18 पुरुष एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता जीतने पर भारतीय टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। श्री कुमार ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि भारतीय टीम ने फाइनल में मेजबान जापान को 4-1 से पराजित कर शानदार खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
मंत्री ने कहा कि भारत ने 10 वर्षों के अंतराल के बाद इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का खिताब जीतकर एशियाई हॉकी में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। यह भारतीय टीम की तीसरी एशिया कप जीत है, जो भारतीय हॉकी के उज्ज्वल भविष्य का संकेत देती है।उन्होंने भारतीय टीम के कप्तान केतन कुशवाहा, खिलाड़ी आशीष तथा बिहार के खिलाड़ी सावन कुमार समेत पूरी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल से देश का नाम रोशन किया है।
श्री कुमार ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत देश के लाखों युवाओं को खेलों, विशेषकर हॉकी, के प्रति प्रेरित करेगी तथा भारतीय हॉकी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।उन्होंने भारतीय टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित