नयी दिल्ली , अप्रैल 08 -- भारतीय सेना के 25 सैनिकों का एक दल भारत-मिस्र संयुक्त विशेष बल अभ्यास "साइक्लोन" के चौथे आयोजन में भाग लेने के लिए मिस्र रवाना हो गया है।यह अभ्यास गुरुवार से 17 अप्रैल तक अंशास में आयोजित किया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह अभ्यास भारत और मिस्र के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग का हिस्सा है और इससे पहले भारत में सफलतापूर्वक आयोजित अभ्यास के तीसरे आयाेजन के बाद हो रहा है। भारतीय सेना का यह दल विशेष बल इकाइयों से संबंधित है और यह वास्तविक संचालन परिदृश्य में मिस्र के अपने समकक्षों के साथ प्रशिक्षण करेगा।
इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त मिशन योजना क्षमताओं को बढ़ाना और विशेष अभियानों में सर्वोत्तम विधियाें के आदान-प्रदान के माध्यम से पारस्परिक संचालन क्षमता में सुधार करना है। भाग लेने वाले सैनिक मरुस्थलीय और अर्ध-मरुस्थलीय क्षेत्र में विशेष संचालन रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं पर केंद्रित विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेंगे।
यह संयुक्त अभ्यास पेशेवर विशेषज्ञता के पारस्परिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा देगा और आपसी सौहार्द के संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा । इसके साथ ही यह एक-दूसरे की सैन्य परंपराओं और संस्कृतियों की बेहतर समझ विकसित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित