पिथौरागढ़ , सितम्बर 30 -- भारतीय सेना की पंचशूल ब्रिगेड के अंतर्गत 12 कुमाऊँ (दाउदण्डी) बटालियन ने 18 से 29 सितम्बर तक उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में पिंडारी और कफनी ग्लेशियर ट्रेकिंग अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। अभियान का उद्देश्य सैनिकों की शारीरिक सहनशक्ति, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करना, साथ ही कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता बढ़ाना था।
बुधवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि दल बागेश्वर, कपकोट, सोंग, लोहारखेत, धाकुड़ी, खाती और द्वाली के रास्ते पिंडारी तथा कफनी ग्लेशियर क्षेत्र तक पहुँचा। कुमाऊँ की शान कहा जाने वाला कफनी ग्लेशियर ट्रेल कभी सैलानियों की पसंदीदा जगह था लेकिन 2013 की बाढ़ में पुल बह गए, रास्ते मलबे में दब गए और ट्रेल के कई हिस्से कफनी नदी में समा गए। एक दशक से अधिक समय बाद भी मार्ग सुरक्षित रूप से बहाल नहीं हो सका था। बटालियन ने इस मार्ग का सफलतापूर्वक अन्वेषण कर कफनी ग्लेशियर तक पहुँचने में सफलता पाई, जिससे इस ऐतिहासिक ट्रेकिंग रूट पर गतिविधियाँ दोबारा शुरू होने की संभावनाएँ बनी हैं। इससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और साहसिक पर्यटन को अधिक लोगों तक पहुँचाने की उम्मीद है।
अभियान के दौरान दल ने कठिन चढ़ाई, बदलते मौसम और ऊँचाई से जुड़ी चुनौतियों का सामना किया। सैनिकों को पर्वतीय वातावरण में सामूहिक समन्वय, संसाधनों के प्रभावी उपयोग, धैर्य और निर्णय क्षमता का व्यावहारिक अनुभव मिला। दल ने स्थानीय पूर्व सैनिकों से भी मुलाकात की। अभियान में पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया, मार्ग में स्वच्छता रखी गई और प्लास्टिक व अन्य अपशिष्ट पर्वतीय क्षेत्र में नहीं छोड़ा गया।
मंगलवार को पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया ने पिथौरागढ़ में दल का फ्लैग-इन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित