जयपुर , मार्च 07 -- सेना की दक्षिण-पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने कहा है कि भारतीय सेना अनुशासन, ईमानदारी और टीमवर्क के मूल्यों पर चलती है और यही मूल्य स्वास्थ्य सेवाओं में भी उतने ही आवश्यक हैं तथा उत्कृष्टता निरंतर सीखने, मजबूत व्यवस्थाओं और टीमवर्क से ही प्राप्त होती है।

लेफ्टिनेंट जनरल सिंह शनिवार को यहां भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एवं इंडियन मस्क्यूलोस्केलेटल ऑन्कोलॉजी सोसाइटी की ओर से चल रही आईएमएसओएस 2026-बीएमकॉन के उदघाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस तरह की मेडिकल कॉन्फ्रेंस केवल अकादमिक कार्यक्रम नहीं होते, बल्कि ज्ञान साझा करने और स्वास्थ्य सेवाओं के भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण मंच होते हैं।

समारोह के दौरान उन्होंने भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा करते हुए चिकित्सालय की ओर से चलाई जा रही निशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग योजना को आज के समय में काफी महत्वपूर्ण बताया। इस मौके पर बीएमसीएच के अध्यक्ष नवरतन कोठारी, वरिष्ठ उपाध्यक्षा अनिला कोठारी, आईएमएसओएस के प्रेसिडेंट डॉ. आशीष गुलिया, बीएमसीएच अधिशासी निदेशक डॉ मेजर जनरल एससी पारीक, आईएमएसओएस सचिव डॉ आन्नद राजा सहित देश-विदेश डॉक्टर्स मौजूद थे।

लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह ने भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल में बने राज्य के पहले एवं एडवांस डे केयर कीमोथेरेपी सेंटर का उदघाटन किया और इसका अवलोकन भी किया।

कॉन्फ्रेंस में ऑन्कोलॉजी नर्सिंग कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया, जिसमें नर्सिंग एक्सपर्ट के लिए कई सेशन आयोजित किए गए। इसके साथ ही कॉन्ड्रोसारकोमा के मैनेजमेंट में नए ट्रेंड्स, नेविगेट डिफिकल्ट सिनेरियो सहित 15 से अधिक सत्र आयोजित किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित