चंडीगढ़ , जुलाई 31 -- पंजाब में जालंधर छावनी स्थित वज्रा हॉकी स्टेडियम (आर्मी हॉकी नोड) में 24 से 30 जुलाई तक आयोजित भारतीय सेना अंतर कमान हॉकी चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब वेस्टर्न कमांड ने अपने नाम कर लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में वेस्टर्न कमांड ने सदर्न कमांड को 4-2 से हराकर प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय सेना की छह कमानों की टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान उच्च स्तरीय हॉकी कौशल का प्रदर्शन किया।

शुक्रवार को समापन समारोह में वेस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह, एवीएसएम, एसएम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफियां और पुरस्कार प्रदान किये।

लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह ने विजेता टीम और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उत्कृष्ट कौशल, अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क की सराहना की। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों की भी प्रशंसा की।

भारतीय सेना ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देना राष्ट्र निर्माण की उसकी महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा है। सेना लगातार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध करा रही है।

वर्तमान में भारतीय सेना के पांच खिलाड़ी भारतीय राष्ट्रीय हॉकी प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा हैं। इनमें नायब सूबेदार सूरज करकेरा, हवलदार जीतपाल, हवलदार चिराग, हवलदार आर्यन ज़ेस और हवलदार प्रभदीप शामिल हैं। सेना ने इसे खेल उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित