चंड़ीगढ़ , मार्च 28 -- भारतीय रिले टीमों ने शनिवार को पहले इंटरनेशनल इनविटेशनल रिले और तीसरे नेशनल ओपन रिले कॉम्पिटिशन 2026 में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए मई में बोत्सवाना के गैबोरोन में होने वाले वर्ल्ड एथलेटिक्स रिले के लिए क्वालिफाई कर लिया।

इस मीट का मुख्य आकर्षण मिक्स्ड चार गुणा 100 मी रिले रहा, जिसमें इंडिया बी की चौकड़ी ने 42.30 सेकंड का शानदार समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और एक नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया, जो पिछले रिकॉर्ड 43.44 सेकंड से बेहतर था।

इंडिया ए ने 42.34 सेकंड के समय के साथ रजत पदक अपने नाम किया।

गुरिंदरवीर सिंह और तमिलारासु जैसे एथलीटों वाली इन दोनों टीमों ने बैटन के सहज आदान-प्रदान और तेज रफ्तार से दर्शकों को बेहद प्रभावित किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में नेपाल, मालदीव, भूटान और श्रीलंका की टीमों ने भी हिस्सा लिया।

भारत ने सीनियर मिश्रित चार गुणा 400 मी रिले में भी स्वर्ण पदक जीता, और 3:18.90 के समय के साथ श्रीलंका से आगे रहा। एक और शानदार प्रदर्शन में, भारत की मिश्रित चार गुणा 100 मी रिले टीम (जिसमें लालू प्रसाद, उन्नति, हरिता और जयराम शामिल थे) ने नेशनल ओपन रिले 2026 में 42.30 सेकंड का समय निकालकर एक नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया।

इस प्रतियोगिता में युवा रिले टीमों ने भी अपनी छाप छोड़ी। तमिलनाडु की महिला टीम ने अंडर 20 महिला चार गुणा 100मी रिले में अपना दबदबा बनाया और 48.38 सेकंड के समय के साथ यह इवेंट जीता, जबकि चंडीगढ़ ने अंडर 20 मिश्रित चार गुणा 100मी रिले का ख़िताब 45.44 सेकंड में अपने नाम किया।

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के अनुसार, बोत्सवाना में होने वाले वर्ल्ड एथलेटिक्स रिले में छह प्रतियोगिताएं होगी। पुरुषों और महिलाओं की चार गुणा 100 मी, पुरुषों और महिलाओं की चार गुणा 400 मी, साथ ही मिश्रित चार गुणा 100 मी और मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले।

वर्ल्ड एथलेटिक्स के दिशानिर्देशों के अनुसार, क्वालिफिकेशन पीरियड 1 जनवरी, 2025 को शुरू हुआ और 5 अप्रैल, 2026 को समाप्त होगा। 'रोड टू गैबोरोन' पर वर्ल्ड रैंकिंग में शीर्ष 24 टीमें इस प्रतियोगिता में जगह बनाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित