दरभंगा , नवंबर 04 -- लित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय राजनीति विज्ञान विभाग में बुधवार को 'भारतीय राजनीतिक संस्कृति के बदलते आयाम' विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता प्राख्यात राजनीतिक चिंतक डॉ. देओनिति प्रसाद सिन्हा ने कहा कि भारतीय राजनीतिक संस्कृति निरंतर परिवर्तनशील प्रक्रिया है। वैश्वीकरण, संचार क्रांति, सोशल मीडिया, क्षेत्रीय आकांक्षाओं और सामाजिक विविधताओं ने राजनीतिक व्यवहार एवं जनभागीदारी के स्वरूप को व्यापक रूप से प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक मूल्यों, सहिष्णुता, तार्किक विमर्श और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का संरक्षण आवश्यक है। युवाओं में आलोचनात्मक चिंतन, राजनीतिक जागरूकता और लोकतांत्रिक उत्तरदायित्व विकसित करना भी समय की मांग है।

डॉ.सिन्हा ने कहा कि भारतीय राजनीतिक संस्कृति निरंतर परिवर्तनशील प्रक्रिया है। स्वतंत्रता आंदोलन से विकसित लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक आदर्शों और नागरिक चेतना ने भारतीय राजनीति को विशिष्ट पहचान प्रदान की है। भारतीय लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक मूल्यों, सहिष्णुता, तार्किक विमर्श और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का संरक्षण आवश्यक है।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि राजनीतिक संस्कृति किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा होती है। लोकतंत्र की सफलता केवल चुनाव और सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के राजनीतिक संस्कार, संस्थाओं के प्रति विश्वास, असहमति के सम्मान और संवैधानिक प्रतिबद्धता पर भी निर्भर करती है।

विषय प्रवेश कराते हुए विश्वविद्यालय महाविद्यालय विकास परिषद के पूर्व समन्वयक एवं राजनीति विज्ञान के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो मुनेश्वर यादव ने कहा कि भारतीय राजनीतिक संस्कृति का अध्ययन केवल सत्ता और राजनीतिक दलों के विश्लेषण तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसमें समाज, जाति, वर्ग, धर्म, भाषा, क्षेत्रीय पहचान और नागरिक सहभागिता की अंतःक्रियाओं को भी समझना आवश्यक है।

डॉ. मनोज कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राजनीतिक संस्कृति किसी देश के लोकतांत्रिक चरित्र और वैचारिक परिपक्वता का प्रतिबिंब होती है। राजनीतिक विमर्श को व्यक्तिवाद एवं तात्कालिक राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर लोककल्याण, सामाजिक न्याय और संवैधानिक नैतिकता पर केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों का दायित्व विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना, विवेकशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करना भी है।

इस अवसर पर भारतीय लोकतंत्र के बदलते स्वरूप, राजनीतिक सहभागिता, नागरिक चेतना, संवैधानिक मूल्यों और राजनीतिक संस्थाओं की भूमिका सहित समकालीन चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों की जिज्ञासाओं का भी समाधान किया।

कार्यक्रम का संचालन शोधार्थी नीतीश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कृष्णा झा ने किया। इस अवसर पर विभाग के सभी सेमेस्टरों के सैकड़ों विद्यार्थी एवं कई शोधार्थी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित