मिनियापोलिस , फरवरी 19 -- अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल के एक व्यक्ति को एक कंपनी के साथ 12 लाख डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी करने के वर्षों पुराने आरोप में दोषी पाया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

मिनेसोटा जिले के अमेरिकी अटॉर्नी डैनियल एन. रोसेन ने कहा कि करण गुप्ता (47) को मिनियापोलिस की अमेरिकी जिला अदालत में छह दिनों की जूरी ट्रायल के बाद दोषी ठहराया गया। जूरी ने गुप्ता को वायर फ्रॉड के 10 मामलों और धन शोधन की साजिश के एक मामले में दोषी पाया। इस मामले की अध्यक्षता अमेरिकी जिला अदालत की न्यायाधीश केट एम. मेनेंडेज़ ने की।

दस्तावेजों और मुकदमे के सबूतों के अनुसार, गुप्ता यूनाइटेड हेल्थ ग्रुप की सहायक कंपनी ऑप्टम इंक में डेटा एनालिटिक्स के वरिष्ठ निदेश के रूप में कार्यरत थे। गुप्ता का वार्षिक वेतन 260,000 डॉलर से अधिक था।

अभियोजकों ने कहा कि 2015 में, गुप्ता ने ऑप्टम में एक प्रबंधकीय डेटा इंजीनियरिंग पद के लिए अपने एक पुराने दोस्त को भर्ती किया, जबकि वह दोस्त अयोग्य था। उसने दोस्त को एक फर्जी बायोडाटा उपलब्ध कराया, जिससे उसे नौकरी पाने में मदद मिली। इसके बाद गुप्ता उसके पर्यवेक्षक बन गए।

लगभग चार वर्षों तक, उस दोस्त ने कंपनी के लिए कोई काम नहीं किया, जबकि वह वेतन लेता रहा, जो 100,000 डॉलर से ऊपर शुरू हुआ था और वार्षिक वृद्धि और बोनस के माध्यम से बढ़ता रहा। मुकदमे में पेश किए गए सबूतों से पता चला कि वह दोस्त लगभग किसी सहकर्मी से नहीं मिला, उसने शायद ही कोई ईमेल भेजा। वह अक्सर लंबे समय तक अपने कंपनी कंप्यूटर में लॉग इन भी नहीं करता था।

इसके बदले में, उस दोस्त ने अपने वेतन का आधे से अधिक हिस्सा रिश्वत के रूप में गुप्ता को दिया। दोनों ने भुगतान को छिपाने के तरीके खोजे। शुरुआत में, दोस्त ने अपने न्यू जर्सी बैंक खाते से नकदी निकाली और इसे गुप्ता के बैंक की न्यू जर्सी शाखा में जमा किया। बाद में, दोस्त ने ऑप्टम से सीधे जमा प्राप्त करने के लिए एक अलग खाता खोला और गुप्ता को उससे जुड़ा डेबिट कार्ड भेज दिया, जिसका उपयोग गुप्ता कैलिफोर्निया में एटीएम से नकदी निकालने के लिए करते थे।

यह योजना तब प्रकाश में आई जब नवंबर 2019 में ऑप्टम द्वारा पकड़ी गई एक अलग धोखाधड़ी के लिए गुप्ता को बर्खास्त कर दिया गया। कंपनी ने आंतरिक जांच शुरू की और मामला संघीय अधिकारियों को सौंप दिया। अभियोजकों ने कहा कि ऑप्टम को कुल 12 लाख डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित