नयी दिल्ली , जुलाई 29 -- भारतीय महिला हॉकी टीम बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त तक होने वाले एफआईएच विश्वकप में भाग लेने के लिए बुधवार सुबह यूरोप के लिए रवाना हो गई।
टीम ने बेंगलुरु से मुंबई की यात्रा की और फिर फ्रैंकफर्ट, जर्मनी के लिए उड़ान भरी, जहाँ वह इस बड़े एफआईएच प्रतियोगता से पहले अपनी तैयारियों के आखिरी चरण को पूरा करेगी। फ्रैंकफर्ट में रहने के दौरान, भारतीय टीम 31 जुलाई और 1 अगस्त को जर्मनी के खिलाफ दो प्रैक्टिस मैच खेलेगी ताकि टीम के तालमेल को बेहतर बनाया जा सके और यूरोपीय परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाला जा सके।
ट्रेनिंग कैंप के बाद, टीम 2 अगस्त को एम्स्टर्डम के लिए रवाना होगी ताकि नीदरलैंड में वर्ल्ड कप की अपनी तैयारियों को जारी रख सके। नीदरलैंड के एमस्टेलवीन में 16 अगस्त को चीन के खिलाफ एफआईएच विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत करने से पहले टीम फ्रैंकफर्ट में जर्मनी के खिलाफ दो प्रैक्टिस मैच खेलेगी। भारतीय टीम चीन के बाद पूल डी में दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ मैच खेलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित