सिडनी , फरवरी 15 -- अरुंधति रेड्डी (चार विकेट), रेणुका सिंह और श्री चरणी (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारतीय महिला टीम ने रविवार को टी-20 सीरीज के वर्षा प्रभावित पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को डकवर्थ लुईस पद्धति (डीएलएस) से 21 रनों से हराया। अरुंधति रेड्डी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया।
134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिय 33 रन जोड़े। पांचवें ओवर में सोफी मोलिन्यू ने शेफाली वर्मा को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। शेफाली वर्मा ने दो छक्के और एक चौका लगाते हुए 22 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी जेमिमा रॉड्रिग्स ने स्मृति मंधाना के साथ पारी को संभाला। इसी दौरान छठे ओवर में बारिश शुरु हो गई और उस समय भारत ने एक विकेट पर 50 रन बना लिये थे। स्मृति मंधाना (नाबाद 16) और जेमिमा रॉड्रिग्स (नाबाद नौ) क्रीज पर मौजूद थी। इसके बाद बारिश के कारण पुन: खेल नहीं शुरु हो पाया और भारतीय महिला टीम को डीएलएस पद्धति से 21 रनों विजयी घोषित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित