रायबरेली , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में भारतीय मजदूर संघ की जिला इकाई ने श्रमिकों एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।
ज्ञापन में श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में वृद्धि, कर्मचारी राज्य बीमा और कर्मचारी भविष्य निधि की वेतन सीमा बढ़ाने, न्यूनतम पेंशन में वृद्धि, बोनस की सीमा बढ़ाने, विभिन्न योजनाओं में कार्यरत श्रमिकों के मानदेय में बढ़ोतरी, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा से संबंधित मांगें प्रमुखता से उठाई गईं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह ने कहा कि श्रमिक देश की प्रगति की आधारशिला हैं। उनकी मेहनत और योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानजनक वेतन तथा सामाजिक सुरक्षा मिलना आवश्यक है। भारतीय मजदूर संघ श्रमिकों की समस्याओं को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से लगातार उठाता रहेगा।
जिला महामंत्री धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि वर्तमान महंगाई के दौर में श्रमिकों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन श्रमिक हितों के साथ-साथ राष्ट्रहित के प्रति भी प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित