पटना , मार्च 01 -- बिहार कला एवं संस्कृति विभाग तथा भारतीय नृत्य कला मंदिर, पटना की ओर से आयोजित "फाल्गुनोत्सव 2026 " सांस्कृतिक कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने किया। इस अवसर पर सुश्री कहकशाँ, प्रशासी पदाधिकारी, भारतीय नृत्य कला मंदिर,श्रीमती सोमा मंडल, सरोज दास एवं श्रीमती अरुणिमा गुप्ता भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिमय वातावरण में शिव वंदना की सुमधुर प्रस्तुति के साथ हुई, जिससे संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिभूत हो उठा।
इस अवसर पर सचिव प्रणव कुमार ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का पर्व है। "फाल्गुनोत्सव" उसी भावना का सांस्कृतिक उत्सव है, जहाँ कला के माध्यम से समाज में सौहार्द, एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रसार होता है।
उन्होंने सभी कलाकारों एवं उपस्थित दर्शकों को संस्कृति के प्रति उनके प्रेम, समर्थन एवं सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है तथा ऐसे आयोजन कलाकारों को सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य एवं सुगम संगीत की विविध और मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईंसभी प्रस्तुतियों को उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा |कार्यक्रम में सहायक निदेशक सह सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मीगण ने शोभा बढ़ाई ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित