लंदन , जुलाई 08 -- एशियाई टेनिस महासंघ (एटीएफ) ने मंगलवार को भारतीय टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस को अपना 'प्लेयर एंबेसडर' नियुक्त करने की घोषणा की। यह कदम महासंघ की उन कोशिशों में एक अहम पड़ाव है, जिनका मकसद खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करना और पूरे एशिया में टेनिस के विकास को गति देना है।

यह घोषणा विंबलडन चैंपियनशिप के दौरान आयोजित एक विशेष समारोह में की गई, जिसमें एटीएफ के अध्यक्ष यूरी पोल्स्की, वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय टेनिस समुदाय के सदस्य शामिल हुए।

इस खेल के इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक, पेस का पेशेवर करियर तीन दशकों से भी अधिक समय तक चला। 1996 के अटलांटा खेलों में ओलंपिक कांस्य पदक जीतने वाले पेस ने 18 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते - आठ पुरुष युगल (डबल्स) में और 10 मिश्रित युगल (मिक्स्ड डबल्स) में - साथ ही उन्होंने दोनों श्रेणियों में 'करियर ग्रैंड स्लैम' भी पूरा किया।

युगल वर्ग में पूर्व विश्व नंबर 1 और डेविस कप कमिटमेंट अवार्ड के विजेता रहे पेस, टेनिस के लिए एशिया के सबसे बड़े एंबेसडर और भारत के सबसे मशहूर खेल हस्तियों में से एक रहे हैं।

प्लेयर एंबेसडर के तौर पर, पेस पूरे महाद्वीप में टेनिस को बढ़ावा देने, युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने, जमीनी स्तर के विकास कार्यक्रमों का समर्थन करने और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में महासंघ का प्रतिनिधित्व करने के लिए एटीएफ के साथ मिलकर काम करेंगे।

यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब एटीएफ पूरे एशिया में खिलाड़ियों के लिए अवसर बढ़ा रहा है। इसके लिए जूनियर, पेशेवर और व्हीलचेयर टूर्नामेंट, कोच और अधिकारियों के लिए शिक्षा कार्यक्रम, उच्च-प्रदर्शन पहल और राष्ट्रीय महासंघों को मजबूत करने व खेल में भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विकास परियोजनाएं चलाई जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित