अंबिकापुर , फरवरी 23 -- भारतीय थल सेना की अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 01 अप्रैल तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। उपसंचालक रोजगार ने यह जानकारी दी।
जिला पीआरओ से आज (सोमवार) मिली जानकारी के अनुसार,भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत अग्निवीर (पुरुष) जनरल ड्यूटी, जनरल तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर, ट्रेडमैन ड्यूटी अग्निवीर, टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क, स्टोर कीपर तथा अग्निवीर ट्रेड सहित विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) के पदों पर भी भर्ती की जाएगी। स्थायी कैडर के अंतर्गत नर्सिंग असिस्टेंट, नर्सिंग असिस्टेंट (वेट) तथा सिपाही फार्मा के पद भी शामिल हैं।
पदवार शैक्षणिक योग्यता 8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है, जबकि कुछ तकनीकी एवं लिपिकीय पदों के लिए उच्चतर योग्यता अनिवार्य होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पूर्व पात्रता संबंधी सभी शर्तों एवं दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित