पटना , जनवरी 19 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष नितीन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भाजपा में 'नवीन युग' की शुरुआत है।
श्री चौधरी ने आज बयान जारी कर कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा ने एक युवा चेहरे को संगठन की कमान सौंपकर स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी को युवा नेतृत्व की क्षमता और ऊर्जा पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि भाजपा की दूरदृष्टि और भविष्य की राजनीति की स्पष्ट झलक है।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार के लाल को मिली यह जिम्मेदारी पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि युवा, कर्मठ, विनम्र और सर्वप्रिय नेता के रूप में नितिन नबीन पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा देंगे। उन्होंने कहा कि श्री नबीन के नेतृत्व में भाजपा आगामी चुनावों में शानदार प्रदर्शन करेगी। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा उनके नेतृत्व में मजबूती से लड़ेगी और वहां की जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकेगीअसम में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाने में कामयाब होगी।
श्री चौधरी ने श्री नबीन से मुलाकात कर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई दी और कहा कि संगठन के प्रति उनकी गहरी समझ, युवा ऊर्जा और सबको साथ लेकर चलने की क्षमता भाजपा को नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार के एक युवा नेता को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी दिया जाना न सिर्फ श्री नबीन की व्यक्तिगत क्षमता का सम्मान है, बल्कि यह बिहार की जनता के विश्वास का भी सम्मान है। यह उस भरोसे की भी स्वीकृति है जो बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में पार्टी पर जताया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित