श्रीनगर , जनवरी 21 -- जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच मंगलवार रात गोलीबारी हुई।

आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी बुधवार को दी।

उन्होंने बताया कि केरन सेक्टर में सेना द्वारा नियंत्रण रेखा पर निगरानी कैमरे लगाने के दौरान गोलीबारी हुई। पाकिस्तानी सैनिकों ने निगरानी कैमरे की स्थापना को बाधित करने के प्रयास में दो राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में भारतीय पक्ष ने एक राउंड गोली चलाई। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है और सेक्टर में स्थिति शांत है। सेना ने युद्धविराम उल्लंघन पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।

सीमा पार आतंकवादी लांच पैड पर गतिविधि बढ़ने के संकेत मिलने के बाद सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर निगरानी बढ़ा दी है। इन सूचनाओं से संकेत मिलता है कि जम्मू क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ-साथ कश्मीर में नियंत्रण रेखा के कई क्षेत्रों में घुसपैठ की कोशिश की जा रही है।

पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्ष विराम को कोई बड़ा उल्लंघन नहीं हुआ है।

गत सप्ताह सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि 2025 में संघर्ष विराम के 139 मामले दर्ज किए ग, जिनमें से 124 ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित