रायपुर , मार्च 17 -- भारतमाला परियोजना के तहत हुए बहुचर्चित मुआवजा घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एसीबी-ईओडब्ल्यू ने लंबे समय से फरार चल रहे तत्कालीन एसडीएम निर्भय कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आज विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 17 मार्च से 30 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस दौरान जांच एजेंसी द्वारा उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

जांच एजेंसियों के अनुसार, रायपुर-विशाखापट्नम कॉरिडोर और दुर्ग बायपास से जुड़ी भारतमाला परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।

आरोप है कि साहू ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अधीनस्थ कर्मचारियों और जमीन कारोबारियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से गड़बड़ियां कीं।

बताया जा रहा है कि अभनपुर क्षेत्र के कई गांवों में जमीनों को कथित रूप से पिछली तारीखों में छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर मुआवजा राशि बढ़ाई गई।

इसके साथ ही पहले से अधिग्रहित भूमि को दोबारा अधिग्रहण दिखाकर भुगतान करने के मामले भी सामने आए हैं, जिससे शासन को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ने पहले उच्चतम न्यायालय में जमानत की कोशिश की थी, लेकिन उसे राहत नहीं मिल सकी। इसके बाद न्यायालय ने आरोपी सहित अन्य फरार आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी वारंट और उद्घोषणा जारी की थी।

लंबे समय से फरारी काट रहे साहू की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसी को मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित