ग्वालियर/दतिया , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में 24 मार्च को दतिया जिले के भाण्डेर में कृषि उपज मंडी प्रांगण में विशाल किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री इस अवसर पर लगभग 62 करोड़ रुपए लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितलाभ का वितरण भी करेंगे।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, विद्युत विभाग, पुलिस, आवास एवं अधोसंरचना विकास तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा से जुड़े 55 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 10 कार्यों का लोकार्पण करेंगे, जबकि 7 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 2 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया जाएगा।

लोकार्पित होने वाले प्रमुख कार्यों में पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान संकाय भवन एवं कैंटीन निर्माण, माता रतनगढ़ समग्र विकास योजना अंतर्गत यात्री निवास, पुलिस लाइन में रक्षित निरीक्षक कार्यालय, संदीपनी उत्कृष्ट विद्यालय भाण्डेर, ततारपुर स्टेडियम तथा पंडोखर धाम एवं रामगढ़ माता मंदिर के पास विश्राम गृह शामिल हैं।

इसी प्रकार जिन कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा, उनमें रतनगढ़ माता मंदिर पर 33/11 केवी उपकेंद्र की स्थापना तथा भाण्डेर में 50-50 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावास भवन सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित