बाड़मेर , मई 18 -- राजस्थान में बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी मंगलवार को जिले के गिरल गांव में लिग्नाइट माइंस के श्रमिकों के समर्थन में मजदूर आंदोलन जनसभा कर मजदूरों की आवाज राज्य सरकार तक पहुंचायेंगे।

श्री भाटी ने सोमवार को यहां मीडिया से बातचीत में बताया कि वह अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे मजदूरों के साथ खड़े हैं और वह उनके साथ धरने पर बैठे हैं लेकिन जिम्मेदार लोग मजदूरों की मांग एवं आवाज नहीं सुन रहे हैं। ऐसे में मजदूरों के समर्थन में मंगलवार को मजदूर आंदोलन जनसभा करने का निर्णय किया हैं और इस सभा में मजदूर संघों के साथ बातचीत कर आगे की रणनीति बनाई जायेगी।

उन्होंने कहा कि इस सभा में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर मजदूरों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार कोई भी हो वह हमेशा संवेदनशील होती है और उसे श्रमिकों की तकलीफ और आवाज को सुनना चाहिए।

श्री भाटी पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी एवं धूप में गिरल में श्रमिकों के साथ धरने पर बैठे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित