रायपुर , जुलाई 18 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में भाटापारा-हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन पर ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली की कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) का कार्य किए जाने से 18 और 19 जुलाई को इस मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने आज यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति जांचने की अपील की है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भाटापारा-हथबंध रेलखंड में तीसरी लाइन पर ऑटो सिग्नलिंग सिस्टम शुरू करने की प्रक्रिया के तहत एनआई (नॉन-इंटरलॉकिंग) का कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के कारण इस अवधि में कुछ पैसेंजर और मेमू ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे का कहना है कि यह कार्य रेल अधोसंरचना को अधिक आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में किया जा रहा है।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू 18 और 19 जुलाई को बिलासपुर से ही रवाना होगी। यानी गोंदिया से बिलासपुर के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित