रायपुर , जुलाई 21 -- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के छत्तीसगढ़ स्थित रायपुर मंडल में भाटापारा और हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन पर ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किए जाने के कारण 22 और 23 जुलाई को आठ मेमू एवं पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा। इसके अलावा एक मेमू ट्रेन को आंशिक रूप से संचालित किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार बिलासपुर रेलवे जोन में आधारभूत संरचना के विकास के तहत विभिन्न परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में रायपुर मंडल के भाटापारा-हथबंध स्टेशनों के मध्य तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग का कार्य किया जाएगा। इस कारण कुछ यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
मंगलवार को जारी सूचना के अनुसार 22 जुलाई को गाड़ी संख्या 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर, 68734 बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर, 68733 गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर, 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर, 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर, 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर तथा 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर निरस्त रहेंगी। वहीं 23 जुलाई को 68745 कोरबा-रायपुर मेमू पैसेंजर भी रद्द रहेगी।
इसके अतिरिक्त बुधवार को 68862/68861 झारसुगुड़ा-गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू का परिचालन आंशिक रूप से किया जाएगा। यह ट्रेन बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी तथा वहीं से अपने निर्धारित मार्ग के लिए रवाना होगी। इस दौरान बिलासपुर-गोंदिया-बिलासपुर खंड में इसका संचालन निरस्त रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित