रायपुर , जून 16 -- छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मंगलवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान भाटापारा में छत्तीसगढ़ महतारी तथा 1971 भारत-पाक युद्ध के वीर सपूत फ्लाइट लेफ्टिनेंट शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे की प्रतिमाओं का अनावरण किया।

इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि शहीद खोण्डे की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों और युवाओं को राष्ट्रसेवा तथा देशभक्ति के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि देश उनके सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।

समारोह में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने शहीद के परिजनों पुत्री प्रिया खोण्डे और भाई प्रभाकर खोण्डे से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

अपने प्रवास की शुरुआत में डॉ. सिंह छत्तीसगढ़ महतारी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया तथा पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके बाद उन्होंने भाटापारा स्थित शहीद श्रीकृष्ण गजानन खोण्डे परिसर में वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में शहीद हुए फ्लाइट लेफ्टिनेंट खोण्डे की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित