ऋषिकेश , अगस्त 07 -- भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या ने शुक्रवार को श्रावण मास के पावन अवसर पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर युवाओं के साथ कांवड़ पदयात्रा की और ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरी यात्रा के दौरान "नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव" के जयघोष गूंजते रहे और श्रद्धालुओं ने देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

श्री तेजस्वी सूर्या ने जलाभिषेक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सावन का महीना सनातन परंपरा में विशेष महत्व रखता है और देशभर के करोड़ों श्रद्धालु इस दौरान कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि वे दक्षिण भारत से आते हैं, जहां भी कांवड़ यात्रा की समृद्ध परंपरा है। कई वर्षों से उनकी इच्छा थी कि हरिद्वार से ऋषिकेश तक युवाओं के साथ पैदल कांवड़ यात्रा करने का अवसर मिले और इस वर्ष भगवान भोलेनाथ की कृपा से यह संकल्प पूरा हुआ।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार में गंगा स्नान के बाद गंगाजल लेकर सभी कार्यकर्ता वीरभद्र महादेव मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

उन्होंने कांवड़ यात्रा को राजनीतिक रंग दिए जाने संबंधी सवाल पर स्पष्ट कहा कि यह यात्रा पूरी तरह आस्था, श्रद्धा और आत्मिक साधना का विषय है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के चुनावों से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जो उचित नहीं है। उन्होंने आग्रह किया कि इस धार्मिक यात्रा को राजनीति से दूर रखा जाए। उनका कहना था कि जिस प्रकार देश के करोड़ों युवा श्रद्धाभाव से कांवड़ यात्रा में भाग लेते हैं, उसी भावना से वे भी एक श्रद्धालु के रूप में इस यात्रा में शामिल हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित