गुरुग्राम , अगस्त 20 -- हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 23 अगस्त को टिफिन महाकुंभ का आयोजन करेगी। यह महाकुंभ राज्य में भाजपा के सभी 27 सांगठनिक जिलों में आयोजित किये जाएंगे।
इस संबंध में प्रदेश भाजपा की गुरुवार को आभासी माध्य से बैठक हुई, जिसमें पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी सीधे जुड़े। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अध्यक्षता और प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया की उपस्थिति में हुई बैठक में बूथ सशक्तीकरण, संगठन विस्तार और जनसंपर्क को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका कार्यकर्ता है और मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन का आधार है। पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता से साबित होता है कि भाजपा का संगठन प्रदेश के हर गांव, बूथ और शक्ति केंद्र तक सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को अपराह्न 12 से तीन बजे तक प्रदेश के सभी 27 सांगठनिक जिलों के शक्ति केंद्रों पर एक साथ 'टिफिन महाकुंभ' आयोजित किया जाएगा। इसमें शक्ति केंद्र प्रमुख एवं सहप्रमुख, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बीएलए-2 सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सभी जिले जिला जूम लिंक के माध्यम से प्रदेश से जुड़ेंगे।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि टिफिन बैठक केवल साथ बैठकर भोजन करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ता संवाद, आपसी समन्वय, स्थानीय समस्याओं की समझ और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का अभियान है। कार्यकर्ता की सक्रियता ही संगठन की शक्ति को जनशक्ति में बदलती है।
डॉ. पूनिया ने कहा कि मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन और मजबूत भाजपा की आधारशिला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से टिफिन महाकुंभ को संगठन विस्तार, जनसंपर्क और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बनाने का आह्वान किया।
बैठक में डिजिटल प्रशिक्षण, मतदाता सूची के सत्यापन एवं आवश्यक सुधार, बूथ स्तर पर नियमित बैठकें तथा 'मन की बात' के साथ बूथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। संत शिरोमणि रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी को प्रदेश के गांवों और बूथों तक पहुंचाने तथा सामाजिक संपर्क मजबूत करने की योजना पर भी चर्चा हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित