चंडीगढ़ , अगस्त 04 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के बाद संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तीनों प्रदेश महामंत्रियों के बीच जिलावार जिम्मेदारियों का बंटवारा कर दिया है।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता द्वारा किए गए इस कार्य-विभाजन के तहत प्रत्येक प्रदेश महामंत्री को अलग-अलग जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय, कार्यकर्ताओं से संवाद और पार्टी कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश जरावता को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत और गोहाना जिलों का दायित्व दिया गया है। गोपाल शर्मा को डबवाली, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, हांसी, भिवानी, दादरी और महेंद्रगढ़ जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं वेद फुलाँ फरीदाबाद, फरीदाबाद महानगर, पलवल, गुरुग्राम, गुरुग्राम महानगर, रेवाड़ी, झज्जर और रोहतक जिलों का संगठनात्मक कार्यभार संभालेंगे।

जिलों के साथ-साथ प्रदेश कार्यालयों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। वेद फुलाँ को पंचकूला प्रदेश कार्यालय, सत्य प्रकाश जरावता को रोहतक कार्यालय और गोपाल शर्मा को गुरुग्राम कार्यालय का दायित्व सौंपा गया है।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जिलावार जिम्मेदारियां तय होने से प्रदेश और जिला इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और आगामी गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने इसे संगठन को और मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित