जयपुर , अप्रैल 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के उपलक्ष में सोमवार को प्रदेश स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में प्रातः सात बजे पार्टी प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित होगा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने बताया कि इस अवसर पर श्री शर्मा के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहेंगे। श्री बगडी ने बताया कि ध्वजारोहण के बाद प्रातः 10:30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में श्री राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं प्रेमचंद बैरवा, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, सांसद एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों का सम्मान भी किया जाएगा। भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम संगठन की विचारधारा एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित