नयी दिल्ली/रायपुर , अगस्त 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पदभार संभाल लिया। उनके साथ राष्ट्रीय सह-संयोजक नियुक्त किये गये प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव ने भी कार्यभार ग्रहण किया। पार्टी की ओर से हाल में गठित राष्ट्रीय टीम के तहत इन पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पदभार संभालने के बाद म्हस्के और अन्य पदाधिकारियों ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में पार्टी की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
श्री म्हस्के ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने निवर्तमान राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और वर्षों के प्रयासों से भाजपा की डिजिटल उपस्थिति को मजबूत आधार मिला।
उन्होंने कहा कि इस विरासत को आगे बढ़ाना नई टीम के लिए जिम्मेदारी के साथ एक बड़ी चुनौती भी है। बदलती तकनीक और डिजिटल माध्यमों के अनुरूप पार्टी के विचारों, केंद्र सरकार के कार्यों तथा प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
श्री म्हस्के ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाया जाएगा। पदभार ग्रहण करने के अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित