सुलतानपुर , अक्टूबर 29 -- समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. रुदल यादव ने कहा कि उत्तर-प्रदेश के विधान परिषद चुनाव में 11 शिक्षक-स्नातक सीटों में पांच सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत ने स्पष्ट संकेत दिया है कि बुद्धिजीवी वर्ग शिक्षक समाज का भारतीय जनता पार्टी से विश्वास उठा चुका हैं। समाजवादी पार्टी 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।

गुरुवार को सुलतानपुर उत्तर प्रदेश पिछडा वर्ग कार्यालय पर पहुंचे प्रोफेसर रुदल यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर-प्रदेश के विधान परिषद चुनाव ने बहुत बड़ा संदेश दिया है। यह जीत इस बात का संकेत है कि भाजपा की नीतियों से शिक्षक रुष्ठ है जिससे उसका भाजपा से विश्वास उठ चुका है। आगरा में आकाश अग्रवाल सहित अन्य स्नातक और शिक्षक एमएलसी की जीत अखिलेश यादव की सर्वमान्य नीतियों का परिणाम है। सपा हमेशा शिक्षक हितों को समर्पित रही है। नेताजी ने शिक्षकों की सेवा सुधार और कल्याणकारी योजनाओं में उदारता से काम किया, उन्हीं के आदर्शों पर अखिलेश यादव भी काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने शिक्षकों का शोषण किया, शिक्षक हितों को इग्नोर किया। यह चुनाव परिणाम उसी आक्रोश की परिणति है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचन क्षेत्र बनारस में लाल बिहारी यादव और आशुतोष सिन्हा की जीत शिक्षकों का सपा के प्रति समर्पण और भाजपा के प्रति आक्रोश बताता है। आगामी 2027 के आम चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रदेश में बहुमत पाकर सरकार बनाएगी।

इससे पूर्व कार्यालय पर संग़ठन के संरक्षक माता प्रसाद प्रजापति ने बैच लगाया व माल्यार्पण कर स्वागत किया ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित