जयपुर , अक्टूबर 01 -- राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर साम-दाम, दंड-भेद एवं प्रशासन का दुरुपयोग कर चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हुए आह्वान किया है कि इससे मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के सभी लोगों को एकजुटता एवं आपसी मतभेद बुलाकर आगामी पंचायत चुनाव लडऩा होगा।
श्री डोटासरा गुरुवार को प्रदेश में होने वाले आगामी पंचायत राज चुनाव की तैयारी के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नागौर जिले के डेगाना में प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने जिस भूमि पर पंचायत राज की स्थापना की थी, उस पर स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर उनके नेतृत्व में आयोजित पंचायत राज कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि क्योंकि यदि भाजपा जो साम-दाम, दंड-भेद से चुनाव लड़ रही है, प्रशासन का दुरुपयोग कर चुनाव लड़ रही है, उसे रोका नहीं गया तो आने वाले समय में वोट का अधिकार भी छीन जायेगा, ना समय पर बिजली मिलेगी, ना युवाओं को नौकरी मिलेगी, किसानों को नकली बीज मिलेंगे, इसलिए भाजपा के कुशासन को समाप्त करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पंचायत राज चुनाव में प्रत्याशियों के चयन की बात हो रही है लेकिन यह समझना होगा कि सामने वाली भारतीय जनता पार्टी किस तरह से बेईमानीपूर्वक चुनाव लड़ रही है, इसकी चर्चा आम जनता के बीच होनी चाहिए, गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक भाजपा की बेईमानी को ले जाना होगा, उसके बाद रणनीति बनाकर के चुनाव लडऩा होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार में 14 हजार करोड़ रुपए किसानों के कर्ज के माफ किये गये, देश में डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने 72 हजार करोड़ रुपए किसानों के कर्ज के माफ किये और अब भाजपा बिजली, खाद मांगने वाले किसानों पर डंडे बरसाती है, आज यहां कांग्रेस की मीटिंग में कई घंटे से किसान बैठे हैं। उन्होंने दावा कि जबकि मुख्यमंत्री की मीटिंग में डेढ़ सौ कुर्सियां भी नहीं भरी, क्योंकि यह सरकार असफल हो गयी है।
श्री डोटासरा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कांग्रेस के लोगों को ट्यूशन देने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। प्रदेश में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं, उस पर सरकार का ध्यान नहीं है, निकाय चुनाव में 152 एफआईआर दो दिन में अपहरण की दर्ज कर पुलिस का सहारा लेते हुए प्रदेशभर में निकायों के चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर भाजपा ने गुंडागर्दी की।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के इतिहास में कभी किसी चुनाव में पुलिस की इतनी गुंडागर्दी नहीं हुई जो निकाय चुनाव में भाजपा सरकार ने की है। प्रदेश में श्रीमती वसुंधरा राजे भी मुख्यमंत्री रही, श्री अशोक गहलोत भी मुख्यमंत्री रहे लेकिन कभी निकाय और पंचायत चुनाव में हस्तक्षेप नहीं किया लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने तो सारी हदें पार कर दी और लोकतंत्र पर कड़ा प्रहार करने का काम किया है।
श्री डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि अब सरकार अधिकारियों के माध्यम से पंचायत में जनप्रतिनिधि बनने के लिए इच्छुक लोगों की सूची बनाने का कार्य कर रही है। भाजपा अपने प्रत्याशी चुने, कांग्रेस से कौन लडऩे वाला है यह जानकर वह क्या करना चाहते हैं, भाजपा का एक ही मकसद है कि कांग्रेस के प्रत्याशियों की जानकारी मिल जाये तो उनके घर में कौन सरकारी कर्मचारी है, उसके माध्यम से परिवार पर दबाव बनाया जा सके, मकान पर बुलडोजर की कार्रवाई की जा सके, कोई बड़ा आदमी होगा तो इनकम टैक्स, ईडी भेजी जा सके, पुलिस प्रशासन से निगरानी करवाई जा सके, इसलिए इन्हें कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझना होगा कि यह कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता है, उन्हें इस तरह से भाजपा प्रताडि़त नहीं कर सकेगी, सभी कार्यकर्ताओं को मजबूती से प्रतिरोध करना होगा क्योंकि यह भाजपा की नौटंकी है। गांवों में आकर यदि कोई कानून के विरुद्ध कार्रवाई करेगा तो उसे माकूल जवाब कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता देंगे, कानून की बात का सम्मान होगा, लेकिन कानून के विरुद्ध धमकाने का कार्य हुआ तो कांग्रेस के सारे नेता अपने कार्यकर्ताओं के आगे ढाल बनकर खड़े हो जायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित