देवरिया , सितंबर 26 -- केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतकर सरकार बना लेने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पूरे कार्यकाल आमजन के बीच जाकर जनहित की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का कार्य करती है।

देवरिया जिला मुख्यालय से बीस किलोमीटर दूर रूद्रपुर में नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर देश भर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार एक कार्यक्रम में श्री पासवान ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष का कार्यकाल निर्बाध रूप से पूरा किया है। उनके जन्मदिन और सेवा भाव के अवसर पर उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस एक माह के अभियान के दौरान सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर लाभ दिलाया जाए। गांव स्तर पर छूटे हुए पात्रों की खोजकर कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही विभिन्न स्थानों पर टिफिन पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

सभा को क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने आमजन के साथ-साथ माताओं-बहनों की विशेष चिंता की है। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की गई और हेल्दी बेबी पुरस्कार प्रदान किए गए। विधायक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा हाल में की गई मानदेय वृद्धि के बारे में पूछा, जिस पर कार्यकर्ताओं ने सरकार का आभार प्रकट किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित